नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत अगर बर्फ से ढकी पहाड़ियों, खूबसूरत वादियों और डल झील के मनमोहक नजारों के बीच करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने कश्मीर घूमने के इच्छुक पर्यटकों के लिए 6 दिनों का विंटर स्पेशल टूर पैकेज पेश किया है।
इस पैकेज के तहत यात्रियों को श्रीनगर, सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। यह हवाई टूर 9 जनवरी 2027 को भुवनेश्वर एयरपोर्ट से शुरू होगा। यात्रियों को दिल्ली के रास्ते श्रीनगर पहुंचाया जाएगा। 14 जनवरी 2027 को वापसी होगी। इस तरह पर्यटकों को 5 रात और 6 दिन कश्मीर में बिताने का अवसर मिलेगा। IRCTC के इस पैकेज में केवल 19 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं।
कितना होगा पैकेज का किराया?
IRCTC के कम्फर्ट क्लास पैकेज के तहत किराया यात्रियों की संख्या और बच्चों की उम्र के अनुसार तय किया गया है।
- अकेले यात्रा करने पर: 56,570 रुपये
- दो यात्रियों के लिए: प्रति व्यक्ति 51,630 रुपये
- तीन यात्रियों के लिए: प्रति व्यक्ति 50,255 रुपये
- 5 से 11 साल के बच्चे (बेड के साथ): 43,835 रुपये
- 5 से 11 साल के बच्चे (बिना बेड): 41,745 रुपये
धुंधली नजर को न करें नजरअंदाज, आंखों की परेशानी के पीछे हो सकते हैं गंभीर कारण
ऐसा रहेगा छह दिनों का पूरा टूर:
- पहले दिन भुवनेश्वर से दिल्ली होते हुए श्रीनगर पहुंचेंगे। होटल में ठहरने के बाद पर्यटक अपने खर्च पर डल झील में शिकारे की सवारी कर सकेंगे।
- दूसरे दिन सोनमर्ग की सैर कराई जाएगी। यहां पर्यटक थाजीवास ग्लेशियर देखने के लिए अतिरिक्त शुल्क देकर खच्चर की सुविधा ले सकते हैं।
- तीसरे दिन गुलमर्ग घूमने का कार्यक्रम है। यहां गोंडोला राइड और खिलनमर्ग की सैर के विकल्प उपलब्ध रहेंगे, जिनका खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा।
- चौथे दिन श्रीनगर से पहलगाम ले जाया जाएगा। रास्ते में अवंतीपुरा के प्राचीन खंडहर और केसर के खेत देखने को मिलेंगे। पहलगाम में पर्यटक अपने खर्च पर मिनी स्विट्जरलैंड घूम सकते हैं।
- पांचवें दिन श्रीनगर वापसी के दौरान शंकराचार्य मंदिर, हजरतबल दरगाह और शालीमार, चश्मेशाही व परीमहल जैसे मुगल गार्डन की सैर कराई जाएगी। मौसम अनुकूल रहने पर डल झील में डीलक्स हाउसबोट में ठहरने की व्यवस्था भी होगी।
- छठे दिन नाश्ते के बाद श्रीनगर एयरपोर्ट से दिल्ली होते हुए भुवनेश्वर वापसी होगी।
पैकेज में क्या मिलेगा और किसका खर्च अलग होगा?:
इस टूर पैकेज में आने-जाने की फ्लाइट टिकट, होटल में ठहरने की सुविधा, एक रात हाउसबोट में रुकने की व्यवस्था, निर्धारित मेन्यू के अनुसार सुबह का नाश्ता और रात का भोजन शामिल है। इसके अलावा स्थानीय भ्रमण के लिए एसी वाहन, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, पार्किंग और टोल टैक्स की सुविधा भी दी जाएगी।हालांकि, दोपहर का भोजन, फ्लाइट में खाना, स्मारकों के प्रवेश टिकट, शिकारा और गोंडोला राइड, गाइड फीस तथा निजी खर्च यात्रियों को स्वयं उठाने होंगे।
पंत के शतक, जुरेल के अर्धशतक से भारत हावी, कीवियों पर 233 रन की बढ़त
बुकिंग रद्द कराने पर कितना कटेगा पैसा?:
IRCTC के बताए गए नियमों के अनुसार, यात्रा से 21 दिन पहले टिकट रद्द कराने पर 30 प्रतिशत राशि काटी जाएगी। 15 से 21 दिन पहले कैंसिलेशन पर 55 प्रतिशत और 8 से 14 दिन पहले रद्द कराने पर 80 प्रतिशत रकम कटेगी। वहीं, यात्रा से सात दिन से कम समय बचने पर रिफंड नहीं मिलेगा।
कश्मीर की बर्फीली वादियों में नए साल की छुट्टियां बिताने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए यह पैकेज एक विकल्प हो सकता है। बुकिंग से पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्धता, किराया और सभी नियमों की पुष्टि जरूर करें।


