दिल्ली की हवा में 10 साल बाद सबसे ज्यादा सुधार! CM रेखा गुप्ता का दावा, AQI 265 पर पहुंचा

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहत भरा दावा किया है। उनके मुताबिक, पिछले 10 वर्षों की तुलना में इस साल दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहतर रही है। मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए गए सख्त नियमों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदूषण से निपटने के लिए जरूरी नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू किया है, जिसका असर अब दिखाई देने लगा है। हालांकि, दिल्ली की हवा अभी भी पूरी तरह साफ नहीं हुई है और वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कमला नेहरू कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों के मुकाबले इस साल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने इसे दिल्लीवासियों के लिए राहत और सरकार की उपलब्धि बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज में ‘वंदे मातरम अकादमिक भवन’ का उद्घाटन भी किया। साथ ही दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की ओर से दो नए रूटों पर यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (यू-स्पेशल) बस सेवाओं की शुरुआत की। इन बसों से कमला नेहरू और गार्गी कॉलेज की छात्राओं को लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

दिल्ली में शनिवार को AQI 265 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, पिछले तीन दिनों में वायु गुणवत्ता में धीरे-धीरे सुधार हुआ है। 19 नवंबर को AQI 280 था, जो 20 नवंबर को घटकर 270 और शनिवार को 265 पर पहुंच गया। प्रदूषण बढ़ने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत अलग-अलग चरणों में प्रतिबंध लागू किए जाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण नियंत्रण के सरकारी प्रयासों के साथ मौसम की परिस्थितियां भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं। बारिश होने से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों में अस्थायी कमी आ सकती है।

इस बीच दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए कृत्रिम बारिश यानी क्लाउड सीडिंग का दोबारा ट्रायल किए जाने की संभावना है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रस्तावित परीक्षण आईआईटी कानपुर की मदद से कराया जा सकता है। इस तकनीक में बादलों में विशेष पदार्थों का छिड़काव किया जाता है, ताकि अनुकूल परिस्थितियों में बारिश कराई जा सके। इससे पहले 28 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में क्लाउड सीडिंग का परीक्षण किया गया था, लेकिन उस दौरान कृत्रिम बारिश कराने में सफलता नहीं मिली थी। अब एक बार फिर इस तकनीक के परीक्षण की तैयारी की संभावना जताई जा रही है।