मनीला। फिलीपींस में बड़ा विमान हादसा हो गया है। वहां एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना के 2 विमान दुर्घटना का शिकार हो गए। इस हादसे में 4 पायलटों की मौत हो गई है। ये हादसा शनिवार को मनीला के दक्षिण में एक एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ। उड़ान के दौरान दोनों विमान एक-दूसरे के बेहद नजदीक आ गए और आखिर में आपस में ही टकरा गए।
फिलीपींस की वायु सेना ने एक बयान में कहा कि यह विमान दुर्घटना बटांगास प्रांत के फर्नांडो एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। दुर्घटना में 2 एसएफ-260 विमान शामिल थे। वायु सेना के प्रवक्ता कर्नल एल्विन कैपिंगुइयन ने कहा, दोनों विमान सैन्य अड्डे के भीतर ही गिरे। किसी और के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद वायु सेना ने जांच होने तक एसएफ -260 प्रशिक्षण विमानों के परिचालन पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है।
हालिया सालों में फिलीपींस की वायुसेना में विमान दुर्घटना के कई मामले सामने आए हैं। मई में उत्तरी फिलीपींस के एक पहाड़ी क्षेत्र में एसएफ-260 प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 2 पायलट मारे गए थे। 2023 में एक अन्य एसएफ-260 विमान ही प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 2 पायलटों की मौत हो गई। एसएफ-260 एक हल्का विमान है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर प्रशिक्षण के लिए किया जाता है।
