मुंबई। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी ने अपने घर पर कन्या पूजन किया। उन्होंने छोटी-छोटी कन्याओं को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद लिया। सपना ने सोशल मीडिया पर पूजा की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह कन्याओं की सेवा करती नजर आ रही हैं। उनकी इस पोस्ट पर फैंस भी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
साझा की गई तस्वीरों में सपना चौधरी कन्याओं के चरण पखारती, उन्हें भोग-प्रसाद खिलाती और दक्षिणा देकर विदा करती दिखाई दे रही हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने माता रानी से खास अंदाज में प्रार्थना करते हुए लिखा, “जो मेरी लंका लगाने की कोशिश करें उसके पीछे अपना शेर छोड़ देना माता रानी।” उनके इस बेबाक कैप्शन पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी। कई फैंस ने उन्हें खुश रहने और माता रानी की कृपा बने रहने की शुभकामनाएं दीं। सपना चौधरी नवरात्रि के दौरान हर साल कन्या पूजन करती हैं और इस बार भी उन्होंने अपनी परंपरा निभाई।
