मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में राशन टास्क को लेकर घर के अंदर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। सामने आए नए प्रोमो में अमन गांधी और कनिका मान के बीच बहस दिखाई गई है। वहीं, सलमान खान भी अरिश्फा खान की लाइफलाइन कुर्बान करने के फैसले को लेकर अमन गांधी और उदिति सिंह से सवाल करते नजर आएंगे। आने वाले एपिसोड में इस मुद्दे पर और टकराव देखने को मिल सकता है।
दरअसल, घरवालों को अगले हफ्ते का राशन हासिल करने के लिए अपने किसी एक साथी की लाइफलाइन कुर्बान करनी थी। इस दौरान कनिका मान ने अरिश्फा खान की लाइफलाइन खत्म करने का सुझाव दिया, जिसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया। बाद में अमन और कनिका के बीच भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। प्रोमो में अमन गुस्से में किसी का नाम लिए बिना उसे बेवकूफ कहते दिखाई दिए। वहीं, सलमान अमन और उदिति से अरिश्फा का साथ नहीं देने को लेकर सवाल करते नजर आए। बताया जा रहा है कि उदिति ने टास्क के दौरान जल्द अरिश्फा का नाम लेने की सलाह भी दी थी। दूसरी ओर, प्रोमो में सलमान यंग और कनिका की तारीफ करते भी दिख रहे हैं। अब आने वाले एपिसोड में ही स्पष्ट होगा कि सलमान किस बात पर इनकी तारीफ करते हैं और अमन-उदिति को क्या जवाब देना पड़ता है।
