‘कॉफी विद करण 9’ में साथ दिख सकते हैं विक्की कौशल और दिलजीत दोसांझ, पंजाबी तड़के की चर्चा तेज

Follow Us

मुंबई। करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले एपिसोड में अभिनेता विक्की कौशल और गायक दिलजीत दोसांझ एक साथ नजर आ सकते हैं। फिल्मफेयर की रिपोर्ट में दोनों की अच्छी दोस्ती का जिक्र करते हुए उनके एपिसोड के मनोरंजक होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, दोनों के शो में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर यह जोड़ी साथ आती है, तो दर्शकों को उनकी मजेदार बातचीत और निजी जिंदगी से जुड़े किस्से सुनने को मिल सकते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सीजन में करीना कपूर खान और सैफ अली खान, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा तथा रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा जैसे सितारों के भी शामिल होने की चर्चा है। वहीं, आलिया भट्ट अपने पति रणबीर कपूर के बजाय बहन शाहीन भट्ट के साथ शो में आ सकती हैं। खबरों में यह भी दावा किया जा रहा है कि सीजन की शुरुआत सलमान खान के साथ हो सकती है, जबकि शाहरुख खान अंतिम एपिसोड के मेहमान बन सकते हैं। फिलहाल, इन संभावित मेहमानों को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।