नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर जवाब दें भगवंत मान: राहुल गांधी

Follow Us

नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाब मांगा है। गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाना अब जानलेवा हो गया है और यह सब उस आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के शासन में हो रहा है जो समाज को बदलने की बात करते थे।

उन्होंने मानसा में ‘नशा रोको, रोजगार दो’ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा को दिनदहाड़े गोली मारे जाने का उल्लेख किया और कहा कि यह घटना फेसबुक लाइव पर भी दिखाई दी थी। गांधी ने संगरूर में मजदूर गुलजार सिंह के मामले का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने मंत्री के सामने गांव में नशे का मुद्दा उठाया था। उनके परिवार का आरोप है कि इसके बाद उन पर माफी मांगने का दबाव डाला गया और उन्होंने अपनी जान दे दी।

विशेष लेख : गन्ना मूल्य में छत्तीसगढ़ देश में नंबर वन

संगरूर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मोहनजीत सिंह के मामले में हिरासत के दौरान यातना दिए जाने के आरोपों का भी उन्होंने उल्लेख किया और कहा कि यह मामला अब उच्च न्यायालय में है। कांग्रेस नेता ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा ने शिकायत की तो प्राथमिकी दर्ज हुई लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें भी आरोपी बना दिया।

उन्होंने सवाल किया कि जिस सरकार में शिकायत करने वाला ही मुल्जिम बन जाए, वहां नशे के सौदागर बेखौफ क्यों न हों। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि नशे के खिलाफ लड़ने वालों की सुरक्षा कौन करेगा। गांधी ने कहा कि पंजाब के युवाओं का भविष्य तबाह करने वाले नशे के साम्राज्य को खत्म किए बिना कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी।