‘द वन’ का पहला गाना ‘समझो ना’ रिलीज, सिद्धार्थ-तमन्ना की रोमांटिक केमिस्ट्री ने जीता दिल

Follow Us
मुंबई। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द वन’ का पहला गाना ‘समझो ना’ रिलीज हो गया है। इस रोमांटिक सॉन्ग में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना पहली बार ऑन-स्क्रीन जोड़ी के तौर पर नजर आ रहे हैं। दोनों की फ्रेश केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आ रही है और सोशल मीडिया पर उनकी जोड़ी की जमकर चर्चा हो रही है। फिल्म के टीजर में रहस्य, रोमांच और लोककथाओं से जुड़ी दुनिया की झलक मिली थी, जबकि ‘समझो ना’ कहानी के रोमांटिक पहलू को सामने लाता है।

जी म्यूजिक के लेबल के तहत जारी इस गाने को तनिष्क बागची ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। इसे जुबिन नौटियाल और सुवर्णा तिवारी ने आवाज दी है, जबकि बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। कृष्णा किशोर ने अतिरिक्त लाइव प्रोडक्शन संभाला है और एरिक पिल्लई ने गाने का मिक्स और मास्टर किया है। जुबिन ने गाने की मासूमियत और भावनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि वह इससे तुरंत जुड़ गए। उन्होंने तनिष्क की धुन और मनोज के बोल की सराहना के साथ सिद्धार्थ-तमन्ना की केमिस्ट्री को भी खास बताया।

‘द वन’ में भारतीय लोककथाओं को फैंटेसी, रहस्य, रोमांच और हास्य के साथ बड़े स्तर पर पेश किया गया है। फिल्म का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन मिलकर कर रहे हैं। अरुणाभ कुमार ने इसकी कहानी लिखी है, जबकि दीपक मिश्रा निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।