वैश्विक तनाव के बीच सोने-चांदी की चमक बढ़ी, चांदी 2.40 लाख रुपये के पार

Follow Us

मुंबई। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ती अस्थिरता के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ा है। इसका असर घरेलू कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों पर दिखाई दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अक्टूबर 2026 का सोना वायदा 1,52,120 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,52,579 रुपये था। शुरुआती गिरावट के बाद खरीदारी बढ़ी और 11:17 बजे तक भाव 547 रुपये यानी 0.36 प्रतिशत चढ़कर 1,53,126 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,52,101 रुपये का निचला और 1,53,168 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ।

चांदी में भी खरीदारी का रुझान देखने को मिला। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर 2026 की चांदी का अनुबंध 2,39,620 रुपये प्रति किलो पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,39,427 रुपये था। खबर लिखे जाने तक चांदी 1,169 रुपये यानी 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,40,596 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। दिन के कारोबार में इसका निचला स्तर 2,38,933 रुपये और ऊपरी स्तर 2,40,620 रुपये प्रति किलो रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं का प्रदर्शन अलग-अलग रहा। सोना 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,430 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि चांदी 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी की मांग को समर्थन मिल रहा है।

हालांकि, अमेरिका के महंगाई संबंधी आंकड़ों को लेकर निवेशकों की सतर्कता के कारण तेजी पर कुछ दबाव बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक तक दोनों धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।