बागपत में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलटी, 6 की मौत; 30 घायल

Follow Us

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। खेकड़ा थाना क्षेत्र में बड़ागांव कट के पास हुए इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रहे थे। रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को दुर्घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही खेकड़ा थाना पुलिस, चार पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस अजीत चौधरी के अनुसार, हादसे में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। घायलों का मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और एक्सप्रेस-वे पर यातायात को व्यवस्थित कराया। शुरुआती जांच में पिकअप के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच के साथ मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है।