मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक छोटे बजट की फिल्म ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की होगी। बिना बड़े स्टार, भारी-भरकम प्रमोशन और बड़े पीआर कैंपेन के सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने अपनी धीमी शुरुआत के बाद ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब यह 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है।
खास बात यह है कि फिल्म ने रिलीज के शुरुआती 21 दिनों में महज 12 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। उस समय इसे लगभग फ्लॉप माना जा रहा था। लेकिन तीसरे हफ्ते से मिली माउथ पब्लिसिटी और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म की किस्मत ही बदल दी। महज 31 दिनों में फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर ट्रेड को हैरान कर दिया।
पहले हफ्ते में सिर्फ 1.08 करोड़ की कमाई
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ को शुरुआत में दर्शकों का खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। फिल्म करीब 250 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी और पहले हफ्ते में इसकी कमाई सिर्फ 1.08 करोड़ रुपये रही।दूसरे हफ्ते में फिल्म के सामने इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘बंटवारा’ जैसी फिल्मों की चुनौती थी। इसका सीधा असर ‘हनुमान अंश’ की स्क्रीन संख्या पर पड़ा और इसके शो घटकर करीब 25 स्क्रीन्स तक रह गए। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने लगभग 40 लाख रुपये का कारोबार किया।उस वक्त ऐसा लग रहा था कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो जाएगी।
एमएसएमई को बड़ी राहत: केंद्र की ‘कॉर्पोरेट मित्र’ योजना शुरू, कम खर्च में मिलेगी विशेषज्ञ सहायता
तीसरे हफ्ते में बदली फिल्म की किस्मत
फिल्म की कहानी तीसरे हफ्ते में अचानक बदल गई। दर्शकों के सकारात्मक रिव्यू और सोशल मीडिया पर बढ़ती माउथ पब्लिसिटी ने फिल्म को नई जिंदगी दे दी।जैसे-जैसे ‘आवारापन 2’ की रफ्तार धीमी हुई, दर्शकों का ध्यान ‘हनुमान अंश’ की ओर जाने लगा। इसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर साफ दिखाई दिया। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया।कम बजट और सीमित स्क्रीन के बावजूद फिल्म की बढ़ती कमाई ने ट्रेड में चर्चा तेज कर दी।
चौथे हफ्ते में आया सबसे बड़ा उछाल
फिल्म के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज चौथे हफ्ते में देखने को मिला। 26 अगस्त को बड़ी स्टारकास्ट और भारी बजट वाली ‘टॉक्सिक’ रिलीज हुई। माना जा रहा था कि नई बड़ी रिलीज के सामने ‘हनुमान अंश’ की कमाई पूरी तरह थम जाएगी।
लेकिन नतीजे इसके उलट रहे।
चौथे हफ्ते में फिल्म की दैनिक कमाई दहाई के आंकड़े तक पहुंच गई और इसने करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार कर डाला। यानी जिस फिल्म को कुछ हफ्ते पहले सिनेमाघरों से बाहर होने की कगार पर माना जा रहा था, वही अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों को चुनौती देती नजर आई।
