देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, घर पर काम करने वाले 33 वर्षीय विनीत कुमार ने बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का मृतका के पति से मजदूरी के भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे नहीं मिलने से नाराज आरोपी ने कथित तौर पर रेखा बंसल के चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार किया। महिला के शोर मचाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उनके हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया।
घटना की सूचना 3 सितंबर को मृतका के पति दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से महिला की जांच कराई गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। पति की तहरीर पर थाना रायपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कर आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान विनीत कुमार का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून में रह रहा था। वह रात में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने के साथ दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर भी था। पुलिस के अनुसार, आरोपी परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था और उसकी कुछ मजदूरी बकाया थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे घर के पीछे के दरवाजे के बारे में जानकारी थी, इसलिए वह वहां से अंदर चला गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं। आरोपी ने उनसे बकाया मजदूरी के पैसे मांगे, लेकिन भुगतान को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर कड़े से उनके चेहरे पर हमला किया। महिला के गिरने और चिल्लाने पर आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबा दिया। इसके बाद उसने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतारा और गेस्ट हाउस पहुंचकर कपड़े बदल लिए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतका से लूटा गया कड़ा, वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया आरोपी का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटना का 12 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5,000 रुपये और एसएसपी देहरादून की ओर से 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
