काठमांडू। नेपाल के पोखरा में शुक्रवार तड़के भारतीय नंबर की एक कार फेवा झील में गिर जाने से दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना पोखरा महानगरपालिका-18 के गैरीचौतारा मोड़ पर सुबह करीब 4:50 बजे हुई, जब कार सेडी से लेकसाइड की ओर जा रही थी। कास्की जिला पुलिस कार्यालय के कार्यवाहक सूचना अधिकारी, पुलिस निरीक्षक दीपक प्रसाद रिजाल ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव और एक अन्य भारतीय व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसकी शिनाख्त होना बाकी है।
बचाव दल ने दोनों पुरुषों को अचेत अवस्था में झील से बाहर निकाला और पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में सवार दो अन्य लोगों, 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सूरज यादव (दोनों रक्सौल निवासी) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें इलाज के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
भारतीय पंजीकरण संख्या वाली कार को क्रेन की मदद से झील से बाहर निकाल लिया गया है और बैदाम वार्ड पुलिस कार्यालय में रखा गया है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना की जांच जारी है।
