दुष्कर्म पीड़िता को न्याय की मांग, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने निकाला कैंडल मार्च

Follow Us

नयी दिल्ली। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन(एनएसयूआई) ने दिल्ली में दुष्कर्म पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। मार्च में बड़ी संख्या में युवा और छात्र कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और प्लेकार्ड लेकर कार्यकर्ताओं ने पीड़िता के लिए न्याय और अधिकारियों की जवाबदेही की मांग की।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि मार्च पीड़िता और उसके परिवार के साथ एकजुटता का संदेश है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों से केवल आश्वासनों और बयानों के जरिए नहीं निपटा जा सकता। मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

चिब ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को पूरी सुरक्षा और आवश्यक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस न्याय मिलने तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के विरुद्ध आवाज उठाना युवाओं और छात्रों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जांच को बिना किसी दबाव के आगे बढ़ाने और पीड़िता के परिवार को हर संभव मदद देने की मांग की।