किच्चा सुदीप का जन्मदिन पर तोहफा, पीरियड ड्रामा फिल्म सुदीप 47 के शीर्षक का किया ऐलान, देवराय की पहली झलक आउट

Follow Us

मुंबई। दक्षिण भारतीय फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता किच्चा सुदीप ने अपने जन्मदिन के अवसर पर अपनी आगामी ऐतिहासिक फिल्म ‘देवरायÓ का शानदार पहला लुक जारी किया। फिल्म में सुदीप विजयनगर साम्राज्य के महान सम्राट श्री कृष्णदेवराय की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनके शाही अंदाज ने प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

पहले लुक में सुदीप को श्री कृष्णदेवराय के रूप में दिखाया गया है। वह सिर पर भव्य मुकुट और पारंपरिक राजसी पोशाक पहने नजर आ रहे हैं। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व और शाही रूप फिल्म के भव्य ऐतिहासिक परिवेश की झलक देता है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और इसमें विजयनगर साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को पर्दे पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

श्री कृष्णदेवराय ने वर्ष 1509 से 1529 तक विजयनगर साम्राज्य पर शासन किया था। उन्हें अपनी सैन्य विजय, कुशल प्रशासन तथा साहित्य, कला और संस्कृति को संरक्षण देने के लिए जाना जाता है। उनके शासनकाल को विजयनगर साम्राज्य के सबसे समृद्ध दौर में गिना जाता है। ऐसे महान ऐतिहासिक व्यक्तित्व की भूमिका निभाना सुदीप के लिए भी एक महत्वपूर्ण चुनौती माना जा रहा है।

‘देवराय का निर्माण पीपल मीडिया फैक्ट्री और सुप्रियान्वी पिक्चर स्टूडियो के सहयोग से किया जा रहा है। पीपल मीडिया फैक्ट्री इससे पहले ‘कार्तिकेय 2‘धमाका और ‘ब्रो जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुकी है, जबकि सुप्रियान्वी पिक्चर स्टूडियो भी कई चर्चित परियोजनाओं से जुड़ा रहा है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी गौरा हरि संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि उनका संगीत फिल्म के भव्य शाही परिवेश और ऐतिहासिक माहौल को और प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।


Read more:- यश की ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का इंग्लिश वर्ज़न 4 सितंबर से चुनिंदा इंडियन थिएटर्स में होगा रिलीज़


फिल्म के निर्देशक और अन्य प्रमुख कलाकारों के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं। हालांकि निर्माताओं ने इसकी दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की घोषणा कर दी है।कन्नड़ सिनेमा की कई सफल फिल्मों में अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ चुके किच्चा सुदीप अब एक महान ऐतिहासिक शासक की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का बड़े पैमाने पर निर्माण, भव्य शाही दृश्य और श्री कृष्णदेवराय की गौरवशाली गाथा इसे सुदीप के करियर की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल कर रही है।