*मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने सिंगापुर को हराया, सोनम-शांति-मानसी ने निभाई अहम भूमिका*
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीनों खिलाडिय़ों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल और शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया।
कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को दी बधाई
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने खिलाडिय़ों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे एवं एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो उपस्थित रहे।
सिंगापुर को हराकर जीता कांस्य
कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारू प्रदर्शन का परिचय दिया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि खिलाडिय़ों को आगे बढऩे के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन की ओर से लगातार सहयोग एवं प्रोत्साहन मिलता रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता के लिए खिलाडिय़ों और कोच ने वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। रायगढ़ की तीनों बेटियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय टीम के लिए पदक जीतना न केवल खिलाडिय़ों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि जिले में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन का भी उदाहरण है।
