मिर्जापुर: द मूवी की एडवांस बुकिंग में जबरदस्त रिस्पॉन्स, रिलीज से पहले ही 1 करोड़ के पार पहुंची कमाई

Follow Us

मुंबई। अली फजल स्टारर फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और एडवांस बुकिंग में फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। 31 अगस्त से शुरू हुई एडवांस बुकिंग के बाद फिल्म ने पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स चेन में अब तक 20 हजार से ज्यादा टिकट बेच लिए हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग कमाई भी रिलीज से पहले ही 1 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन देशभर में 2,971 शो के लिए कुल 26,398 टिकटें बेची हैं। इससे एडवांस बुकिंग कलेक्शन 83.67 लाख रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा करीब 1.9 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। रिलीज में अभी तीन दिन बाकी हैं, ऐसे में एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक फिल्म अपने ओपनिंग डे पर करीब 25 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ के जरिए लोकप्रिय वेब सीरीज की कहानी अब बड़े पर्दे पर नजर आएगी। अमेजन प्राइम वीडियो पर इसके तीन सीजन दर्शकों के बीच पहले ही लोकप्रिय हो चुके हैं और अब मेकर्स डिजिटल दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने की कोशिश में हैं। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। फिल्म 4 सितंबर को रिलीज होगी और इसमें पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, रवि किशन, रसिका दुग्गल, अभिषेक बनर्जी, जितेंद्र कुमार समेत कई कलाकार नजर आएंगे।