चक्रवात ‘नौल’ का कहर: चीन में रेड अलर्ट जारी, 3.4 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए; उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित

Follow Us

बीजिंग। चीन के दक्षिणी हिस्सों में चक्रवात ‘नौल’ का खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गुआंगदोंग प्रांत के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जो देश की चक्रवात चेतावनी प्रणाली में सबसे गंभीर स्तर माना जाता है। तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ आगे बढ़ रहे इस तूफान के चलते बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है। गुआंगदोंग प्रांत से करीब 3.4 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में राहत शिविर भी तैयार किए हैं, ताकि लोगों को सुरक्षित ठिकाना मिल सके।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘नौल’ लगभग 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ चीन के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव को देखते हुए कई इलाकों में परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। हांगकांग में एहतियाती कदम उठाते हुए 410 से अधिक उड़ानें और 150 हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यह इस साल का 12वां चक्रवात है। फिलहाल राहत और बचाव एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।