नई दिल्ली। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के ताजा एपिसोड में अभिनेत्री आकांक्षा चमोला का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। शो के दौरान उन्होंने अपने पति और अभिनेता गौरव खन्ना को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यह मामला तब सामने आया जब शो में अभिनेता धीरज धूपर की पत्नी विन्नी अरोड़ा की एंट्री हुई। बातचीत के दौरान कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने मजाक में आकांक्षा से कहा कि अब उनके प्रियजन भी शो में आ चुके हैं। इस पर आकांक्षा ने हंसते हुए गौरव खन्ना को “स्ट्रेंजर” (अनजान शख्स) बताया।
बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा कि यदि उनकी मां, पिता या उनका पालतू कुत्ता मिलने आता, तो उन्हें ज्यादा खुशी होती। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें अपने “कम्फर्ट” की जरूरत थी और परिवार के किसी सदस्य का आना उनके लिए अधिक मायने रखता। यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ यूजर्स ने आकांक्षा की टिप्पणी को असंवेदनशील बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि दोनों के निजी रिश्तों की परिस्थितियों को जाने बिना किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ‘लॉक अप 2’ में आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलासा किया था। उन्होंने दावा किया था कि वह और गौरव खन्ना आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर चुके हैं और कुछ समय से अलग रह रहे हैं। इस खुलासे के बाद से उनके रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। फिलहाल, आकांक्षा के हालिया बयान ने शो के बाहर भी नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस विवाद पर गौरव खन्ना की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
