कश्मीर से गुजरात तक बारिश का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात; NDRF राहत-बचाव अभियान में जुटी

Follow Us

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं, नदियां उफान पर बह रही हैं और रिहायशी क्षेत्रों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। गुजरात के नवसारी, अहमदाबाद, सूरत और वलसाड समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। नवसारी के कई इलाकों में पानी भर जाने से वाहन डूब गए हैं और कई कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है।

उत्तराखंड में भी लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है। जम्मू-कश्मीर में भी मूसलाधार बारिश के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। अनंतनाग में झेलम नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। वहीं रियासी जिले में भारी बारिश के कारण सलाल बांध के कई गेट खोल दिए गए हैं और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पवना बांध अपनी कुल क्षमता का लगभग 95 प्रतिशत भर चुका है, जिसके चलते प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।