रजनीकांत का नया अवतार देख फैंस हुए हैरान, ‘धर्मन: द डेडली डॉक्टर’ में दिखेगा थलाइवा का दमदार अंदाज

Follow Us

मुंबई। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत अपनी आगामी फिल्म ‘धर्मन: द डेडली डॉक्टर’ को लेकर चर्चा में हैं। पहले इस फिल्म को ‘थलाइवर 173’ के नाम से जाना जा रहा था, लेकिन अब इसका आधिकारिक टाइटल सामने आ चुका है। फिल्म के ऐलान के बाद निर्माताओं ने रजनीकांत का नया पोस्टर जारी किया है, जिसने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।

पोस्टर में रजनीकांत बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह डॉक्टर के रूप में दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके किरदार में एक्शन और रहस्य का तड़का भी नजर आता है। उनके हाथ में खून से सना कोट, गले में स्टेथोस्कोप और आसपास बिखरी गोलियां इस बात का संकेत देती हैं कि फिल्म में उनका किरदार बेहद दमदार और अनोखा होने वाला है।

इस फिल्म के जरिए रजनीकांत और निर्माता कमल हासन लंबे समय बाद एक साथ काम कर रहे हैं। दोनों सितारे करीब 47 साल बाद किसी प्रोजेक्ट में साथ नजर आएंगे। फिल्म में राशि खन्ना भी अहम भूमिका निभाती दिखाई देंगी। ‘धर्मन: द डेडली डॉक्टर’ का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं। फिल्म में रजनीकांत का एक्शन, ड्रामा और नया किरदार दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बनने की उम्मीद है।