नीट विवाद पर सियासी घमासान तेज: खरगे का पीएम मोदी पर हमला; बोले- ‘पहले शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई करें’

Follow Us

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधी रात जारी वीडियो संदेश के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री को सदन में आकर जवाब देना चाहिए, न कि, केवल वीडियो संदेश के जरिए अपनी बात रखनी चाहिए। खरगे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री से मांग की कि, संसद पहुंचने से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर कार्रवाई की जाए और छात्रों से माफी मांगी जाए। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की समस्याओं पर संसद में विस्तृत चर्चा की बात भी कही।

वहीं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी परीक्षा प्रणाली और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि, छात्रों की मांगों पर बातचीत करने के बजाय सरकार ने सख्त रवैया अपनाया। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि, पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार कड़ा कानून लाने जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।