राहुल गांधी के आवास पर विपक्ष की बड़ी बैठक, नीट पेपर लीक मुद्दे पर रणनीति तेज

Follow Us

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास पर गुरुवार को विपक्षी दलों की अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, जेबी माथेर, पीजीवी, परिणीति शिंदे, शफी परम्बिल, आरजेडी सांसद संजय यादव, प्रमोद तिवारी, अखिलेश प्रसाद सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई विपक्षी नेता और राज्यसभा सांसद पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी के आवास पर बसें भी पहुंचीं और अन्य सांसदों के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

इस बीच, नीट पेपर लीक को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 24 जुलाई को कोलकाता में प्रदर्शन की अनुमति मांगी है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। संगठन ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन का भी आह्वान किया है। CJP नेता आशुतोष रांका ने स्पष्ट किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर कोई बैठक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बातचीत जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर ही हो सकती है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजस्थान की पूर्व अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुए पेपर लीक मामलों का जिक्र किया। दूसरी ओर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फास्ट-ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द कार्रवाई की जा रही है।

उधर, जंतर-मंतर के पास ड्यूटी पर जाते समय हमले में घायल दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह ने घटना की जानकारी साझा की। वहीं, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने छात्र आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।