हुमा कुरैशी बॉयफ्रेंड रचित सिंह संग जंतर-मंतर पहुंचीं, छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर जताया समर्थन

Follow Us

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी बुधवार रात अपने पार्टनर रचित सिंह और भाई साकिब सलीम के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं। तीनों ने 2026 NEET पेपर लीक विवाद को लेकर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर उनके समर्थन में एकजुटता दिखाई। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने से पहले हुमा कुरैशी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कथित कार्रवाई पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में बल प्रयोग के बजाय संवाद और संयम की जरूरत है।

जंतर-मंतर पर चल रहे इस विरोध प्रदर्शन में शबाना आज़मी, प्रकाश राज और नसीरुद्दीन शाह सहित कई फिल्मी हस्तियां भी छात्रों के समर्थन में पहुंचीं। सभी ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार की मांग का समर्थन किया। इधर, मुंबई में भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन तेज़ हुए, जहां कई बॉलीवुड सितारों ने अपनी आवाज़ बुलंद की। अभिनेता इमरान खान प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च करते नजर आए, जबकि रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख ने संयुक्त बयान जारी कर छात्रों का समर्थन किया।

इसके अलावा सोनाक्षी सिन्हा, फातिमा सना शेख, भूमि पेडनेकर, दिलजीत दोसांझ और विशाल ददलानी ने भी सोशल मीडिया के जरिए आंदोलन का समर्थन किया और पुलिस की कथित कार्रवाई पर सवाल उठाए। इस बीच अभिनेता सलमान खान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कथित पेपर लीक को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा प्रणाली में उसी ईमानदारी का अधिकार है, जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती है। साथ ही उन्होंने अपील की कि छात्रों का आंदोलन शिक्षा और सुधार के मुद्दों पर केंद्रित रहे।