इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिसकर्मियों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपर दक्षिण वजीरिस्तान जिले के सरवेकाई क्षेत्र में गुरुवार को अज्ञात हमलावरों ने ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरवेकाई पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल मोले खान सराय इलाके में एक नाले के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 15 जुलाई को बन्नू और लोअर दीर जिलों में हुए हमलों में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि 22 पुलिसकर्मियों समेत 26 लोग घायल हुए थे। बन्नू में मिरयाब पुलिस स्टेशन पर विस्फोटकों से लदे वाहन से हमला किया गया था, जिसके बाद कई घंटों तक सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच मुठभेड़ चली थी। वहीं, लोअर दीर के हैदराय टॉप क्षेत्र में भी पुलिस और सशस्त्र हमलावरों के बीच लंबी मुठभेड़ हुई थी।
सुरक्षा एजेंसियां लगातार आतंकवादी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
