‘लॉक अप 2’ में अपूर्वा का बड़ा खुलासा, बोलीं- ‘हर्षद को है शिवांगी से प्यार’; शिल्पा शिंदे पर लगाए कैरेक्टर-शेमिंग के आरोप

Follow Us

मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के हालिया एपिसोड में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट अपूर्वा मुखीजा और अभिनेत्री शिवांगी जोशी के बीच हुई बातचीत ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बातचीत के दौरान अपूर्वा ने न सिर्फ हर्षद चोपड़ा को लेकर बड़ा दावा किया, बल्कि शिल्पा शिंदे पर भी शिवांगी की कथित तौर पर कैरेक्टर-शेमिंग करने का आरोप लगाया। एपिसोड में अपूर्वा ने सबसे पहले शिवांगी के लुक्स की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद खूबसूरत हैं। इसी दौरान हर्षद चोपड़ा वहां से गुजर रहे थे। मजाकिया अंदाज में हुई बातचीत के बाद हर्षद वहां से चले गए।

इसके बाद अपूर्वा ने शिवांगी से कहा कि उन्हें लगता है कि हर्षद चोपड़ा उनसे प्यार करते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही शिवांगी की ओर से ऐसी कोई भावना न हो, लेकिन हर्षद के मन में उनके लिए फीलिंग्स हैं। हालांकि, शिवांगी ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त और को-स्टार हैं। बातचीत के दौरान अपूर्वा ने शिवांगी को यह भी बताया कि पिछले सप्ताह शिल्पा शिंदे और श्रेया कालरा के बीच उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा हुई थी। अपूर्वा के मुताबिक, बातचीत में शिवांगी के अभिनेता कुशाल टंडन के साथ पुराने रिश्ते और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े विषयों का जिक्र किया गया। अपूर्वा ने आरोप लगाया कि इस दौरान शिल्पा शिंदे ने शिवांगी की “कैरेक्टर-शेमिंग” की।

यह सुनकर शिवांगी जोशी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टेलीविजन पर किसी की निजी जिंदगी और व्यक्तिगत विषयों पर इस तरह चर्चा करना गलत है। गौरतलब है कि इससे पहले शो में शिल्पा शिंदे और श्रेया कालरा को शिवांगी जोशी की नकल करते हुए दिखाया गया था। उस दौरान दोनों ने उनकी कथित मासूमियत और निजी जिंदगी को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां की थीं। यह घटनाक्रम अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।