मुंबई। मुंबई में NEET से जुड़े प्रदर्शन को लेकर अभिनेत्री उर्फी जावेद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में उर्फी ने दावा किया कि वह प्रदर्शन स्थल पर जाने वाली थीं, लेकिन वहां की स्थिति देखकर लौट आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही लोगों को हिरासत में ले रही थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उर्फी जावेद ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि वह अपनी बहनों अस्फी और डॉली जावेद के साथ एक जैसी “थक गई” लिखी टी-शर्ट पहनकर प्रदर्शन में शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि पुलिस लोगों को हिरासत में ले रही है।
एक अन्य वीडियो में उर्फी ने दावा किया कि कई लोग केवल प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे और किसी तरह का विरोध प्रदर्शन शुरू नहीं हुआ था, इसके बावजूद उन्हें पुलिस वैन में बैठाया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिवाजी पार्क इलाके में पहले से कई पुलिस वैन तैनात थीं। उर्फी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि छात्र अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सामने लोगों को बिना किसी सक्रिय विरोध के हिरासत में लिए जाते देखा।
इससे पहले अभिनेत्री आयशा खान ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर दावा किया था कि दादर में प्रदर्शन स्थल के पास मौजूद रहने के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। आयशा का आरोप है कि उन्होंने किसी प्रकार का प्रदर्शन या हंगामा नहीं किया था, फिर भी उन्हें अन्य लोगों के साथ पुलिस वैन में बैठाकर वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया। फिलहाल, उर्फी जावेद और आयशा खान के इन आरोपों पर मुंबई पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
