जेपीएससी मेन्स परीक्षा: परीक्षा टली तो गरमाई सियासत, गड़बड़ी के आरोपों पर बीजेपी-बीजेवायएम का आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

Follow Us

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने मेन्स परीक्षा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। आयोग का यह फैसला 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) के रिजल्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच आया है। फिलहाल इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है। परीक्षा स्थगित होने के बाद भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के बैरिकेड पार करने और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

बीजेपी और छात्र संगठनों का आरोप है कि, प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में पारदर्शिता की कमी रही। उनका कहना है कि, रिजल्ट में आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं थे और कटऑफ अंक भी सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी एजेंसी को लेकर भी सवाल उठाए। जेपीएससी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने परीक्षा स्थगित होने को आंदोलन की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि, केवल परीक्षा टालना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कथित अनियमितताओं के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।