12वीं रात भी बरसे मिसाइल: बी-1 बॉम्बर की एंट्री से बढ़ा तनाव, ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

Follow Us

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव अब और गंभीर होता जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव के बीच अमेरिका ने लगातार 12वीं रात ईरान के कई इलाकों में हवाई हमले किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक खुजेस्तान, बुशेहर, होर्मोजगान और इलाम प्रांतों में कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस अभियान के दौरान अमेरिका ने पहली बार B-1 लांसर लॉन्ग-रेंज बॉम्बर का इस्तेमाल किया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस विमान से ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई। इस कदम को अमेरिका की सैन्य रणनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं ईरान ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी देते हुए कहा कि, किसी भी हमले का जवाब मजबूती से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, ईरान के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया तो जवाब “आंख के बदले आंख” की नीति के तहत होगा। अमेरिकी सेना का दावा है कि, उसने ईरान के मिसाइल सिस्टम, ड्रोन ठिकानों और सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया है। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को संभावित परिणामों के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है। बढ़ते तनाव के बीच पूरी दुनिया की नजर इस संघर्ष पर बनी हुई है।