नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NEET पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में उन्होंने 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद चलो मार्च से जुड़े वीडियो दिखाए, जिनमें छात्रों पर पुलिस कार्रवाई दिखाई गई। राहुल गांधी ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में 152 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में दोषियों को प्रभावी सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र भारी मानसिक दबाव में हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज उठाने पर उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है और सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने चाहिए। राहुल गांधी ने शिक्षा पर खर्च को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का शिक्षा बजट लगभग 1.4 लाख करोड़ रुपये है, जबकि भारतीय अभिभावक केवल NEET परीक्षा की तैयारी पर करीब 1.32 लाख करोड़ रुपये खर्च करते हैं। उनके मुताबिक यह स्थिति शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छात्र केवल बेहतर और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं और सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए।
