सोनम वांगचुक से अभिजीत दीपके की भावुक अपील, कहा- अनशन खत्म करें, आंदोलन हम आगे बढ़ाएंगे

Follow Us

नई दिल्ली। अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और इसकी जिम्मेदारी पार्टी के कार्यकर्ता निभाएंगे। दीपके ने कहा कि वांगचुक के अनशन का 25वां दिन है और लगातार इतने दिनों तक भोजन नहीं करने से उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और आंदोलन उनकी सेहत की कीमत पर नहीं चलना चाहिए।

वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि सोनम सर को कुछ हो जाए। इसलिए मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वे अपना हंगर स्ट्राइक तोड़ दें। हम इस प्रोटेस्ट को आगे बढ़ाएंगे।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि वांगचुक अनशन समाप्त भी कर देते हैं, तब भी आंदोलन जारी रहेगा और प्रमुख मांगों पर समाधान होने तक CJP पीछे नहीं हटेगी।

दीपके ने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाना है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाएगा जिससे आंदोलन या देश की छवि को नुकसान पहुंचे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गलत नारे लगाने या अनुचित गतिविधियों में शामिल लोगों का CJP के आंदोलन से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक मार्ग पर आगे बढ़ेगा। दीपके ने एक बार फिर सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।

गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद 21 जुलाई को सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जताई।