मुंबई। टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सलमान खान के पॉपुलर शो के 20वें सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मेकर्स ने हाल ही में जियो हॉटस्टार पर एक पोस्ट शेयर कर नए सीजन का ऐलान किया है। मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि दो दशक बाद भी ‘बिग बॉस’ सबसे आइकॉनिक शो बना हुआ है। शो में होने वाले विवाद, टास्क और कंटेस्टेंट्स के बीच की दिलचस्प केमिस्ट्री दर्शकों को लगातार पसंद आती रही है। इस शो से कई कंटेस्टेंट्स को पहचान और लोकप्रियता मिली है।
Bigg Boss 20 में इस बार कौन-कौन से सितारे नजर आएंगे, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में अरबाज पटेल, अर्जुन बिजलानी, भव्या सिंह, जन्नत जुबैर, करण पटेल, मिस्टर फैजू, निया शर्मा, रिद्धिमा गुप्ता, रुरु ठाकुर और सैंटी शर्मा जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक किसी भी कंटेस्टेंट के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खबरों के अनुसार, इस बार मेकर्स शो के 6 भाषाई वर्जन एक साथ लॉन्च करने की तैयारी में हैं। Bigg Boss 20 को हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। शो सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। दर्शक इसे टीवी पर कलर्स चैनल और ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे। बता दें कि अलग-अलग भाषाओं के Bigg Boss सीजन को कई बड़े सितारे होस्ट करते हैं। हिंदी वर्जन को सलमान खान, मलयालम वर्जन को मोहनलाल, बंगाली वर्जन को सौरव गांगुली, कन्नड़ वर्जन को किच्चा सुदीप, तेलुगू वर्जन को नागार्जुन और तमिल वर्जन को विजय सेतुपति होस्ट करते हैं।
