डेविड वॉर्नर की मुश्किलें बढ़ीं: शराब पीकर ड्राइविंग मामले में कबूला जुर्म, 18 अगस्त को आएगा फैसला

Follow Us

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में अपना दोष स्वीकार कर लिया है। सिडनी की अदालत में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान वॉर्नर खुद मौजूद नहीं थे, बल्कि उनके वकील बॉबी हिल ने उनकी ओर से कोर्ट में पेश होकर आरोपों को स्वीकार किया। यह मामला 5 अप्रैल का है, जब वॉर्नर को सड़क किनारे हुए श्वास परीक्षण में तय सीमा से अधिक अल्कोहल स्तर के साथ पकड़ा गया था। जांच में उनके शरीर में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से दोगुनी से ज्यादा पाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था।

वॉर्नर के वकील ने अदालत में कहा कि, खिलाड़ी अपनी गलती को स्वीकार करते हैं और मानते हैं कि, यह एक लापरवाही भरा फैसला था। उन्होंने यह भी कहा कि, जिम्मेदारी स्वीकार करना जरूरी है, चाहे व्यक्ति कितना भी सफल क्यों न हो। अब अदालत इस मामले में 18 अगस्त को सजा सुनाएगी। वॉर्नर पर ड्राइविंग प्रतिबंध, जुर्माना या गंभीर स्थिति में अन्य कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इस घटना के बाद आगामी बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की कप्तानी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स ने मामले को गंभीर बताते हुए सुरक्षित ड्राइविंग का समर्थन किया है।