राहुल गांधी की हिरासत के बाद कांग्रेस का देशव्यापी शक्ति प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर फिर उमड़ा जनसैलाब

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और राहुल गांधी समेत कई नेताओं की हिरासत के बाद बुधवार को पार्टी ने देशभर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विभिन्न राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किए, जबकि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था और कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर चल रहे आंदोलन में एक बार फिर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि, उनकी प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की है। आंदोलन से जुड़े लोगों ने स्पष्ट किया कि, मांगें पूरी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। जंतर-मंतर पर लगातार कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है, जहां छात्रों, युवाओं और विभिन्न संगठनों की भागीदारी बनी हुई है।

इस बीच कांग्रेस ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया है। वहीं आंदोलन को कई विपक्षी दलों का समर्थन भी मिल रहा है। मंगलवार देर रात शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाया। देश के कई शहरों से भी विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे यह आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बहस का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है।
:::