नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि, भारत और ब्रिटेन के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी आने वाले समय में और अधिक बेहतर होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, दोनों देश साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना से जुड़े हुए हैं। उन्होंने व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में बढ़ते संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार नए आयाम हासिल कर रहा है।
पीएम मोदी ने भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) का जिक्र करते हुए कहा कि, इसके लागू होने से दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। इससे व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे और रणनीतिक साझेदारी को भी गति मिलेगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर कहा कि, वह प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम के साथ मिलकर भारत-ब्रिटेन संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि, दोनों देश साझा विजन-2035 को आगे बढ़ाते हुए वैश्विक चुनौतियों से निपटने और आपसी हितों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत और ब्रिटेन के रिश्ते और ज्यादा प्रगाढ़ होंगे।
