आसाराम की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, फैसले से पहले AIIMS से मांगी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट

Follow Us

नई दिल्ली।  जोधपुर में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखने से पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS)  से उनकी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट तलब की है। कोर्ट ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि स्वास्थ्य कारणों से उन्हें अंतरिम जमानत दी जा सकती है या नहीं।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार से आसाराम की स्वास्थ्य स्थिति पर रिपोर्ट मांगी थी। राज्य सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि आसाराम की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले वे अयोध्या और काशी विश्वनाथ मंदिर गए थे और पैदल भी चले थे। सरकार ने यह भी बताया कि उन्हें पाचन तंत्र से जुड़ी समस्या के कारण रक्तस्राव की शिकायत है, जिसका इलाज जारी है।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि स्वास्थ्य स्थिति गंभीर नहीं है तो अलग बात है, लेकिन यदि हालत गंभीर पाई जाती है तो इलाज के उद्देश्य से सीमित अवधि के लिए अंतरिम जमानत पर विचार किया जा सकता है। वहीं, आसाराम के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर है और उन्हें अभी भी उच्च स्वास्थ्य जोखिम बना हुआ है।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में जोधपुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आसाराम को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसे राजस्थान हाईकोर्ट ने भी बरकरार रखा है। इसके अलावा गुजरात में एक महिला शिष्या से यौन उत्पीड़न के मामले में भी वह उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। मेडिकल आधार पर मिली अंतरिम राहत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने 28 मई को जोधपुर सेंट्रल जेल में आत्मसमर्पण किया था।