शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, छात्रों ने निकाला मार्च

Follow Us

लखनऊ। लखनऊ नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और युवा संगठनों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। दिल्ली में छात्रों और युवाओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर से संसद मार्च निकालने की कोशिश की। यह मार्च कॉकरोच जनता पार्टी और सोनम वांगचुक के आह्वान पर आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र और युवा जंतर-मंतर पर जुटे और उन्होंने परीक्षा में पारदर्शिता, दोषियों पर कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटना लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं से मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय होता है। छात्रों ने सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं, लखनऊ में भी कई छात्र संगठनों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय की समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च निकालने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे।

हालांकि, पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही छात्र संगठनों के कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और निर्धारित स्थान पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की। इसके बावजूद छात्र आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया था।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के भरोसे को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। छात्रों ने यह भी कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में सुधार कर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिसमें किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। नीट पेपर लीक मामला सामने आने के बाद देशभर में छात्रों और राजनीतिक संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कई संगठन इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। वहीं, सरकार की ओर से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

दिल्ली और लखनऊ में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए थे। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। नीट परीक्षा देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है, जिसमें हर साल लाखों छात्र हिस्सा लेते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसे मामले छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का विषय बने हुए हैं। अब सभी की नजर जांच की प्रगति और सरकार की ओर से उठाए जाने वाले अगले कदमों पर है।