चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बयानबाजी को लेकर नया विवाद सामने आया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी करने के आरोप में DMK विधायक जी.आर. मार्कंडेयन को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे तूतीकोरिन (Thoothukudi) के एसपी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद DMK समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यह मामला 18 जुलाई को आयोजित एक जनसभा में दिए गए भाषण से जुड़ा है। सभा के दौरान मार्कंडेयन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की एक टिप्पणी का जवाब देते हुए उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री “पिता की तलाश” की बात करते हैं। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि विधानसभा के दरवाजे बंद किए गए तो “हड्डियां तोड़ दी जाएंगी।” इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
मार्कंडेयन के बयान के बाद तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के एक नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विधायक को गिरफ्तार किया। पुलिस अब पूरे मामले और बयान की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में तिरुचेंदूर से DMK विधायक अनीता राधाकृष्णन को भी मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।
लगातार हो रही राजनीतिक बयानबाजी और उस पर पुलिस कार्रवाई के कारण तमिलनाडु का सियासी माहौल गर्माया हुआ है। अब इस मामले की कानूनी और राजनीतिक दिशा पर सभी की नजरें टिकी हैं।
