सीमा रेखा पर फिर बढ़ा तनाव, पाकिस्तान की फायरिंग का भारतीय सेना ने दिया जवाब

Follow Us

राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार रात सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने मजबूती से जवाब दिया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ओर से कुछ समय तक रुक-रुककर फायरिंग हुई। यह घटना राजौरी के तरकुंडी सेक्टर में हुई, जहां रात करीब 11 बजे पाकिस्तान की ओर से छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू की गई। भारतीय सेना ने पहले संयम बरता, लेकिन फायरिंग तेज होने के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया।

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद LoC पर यह पहली बड़ी गोलीबारी है। सेना ने सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। अधिकारियों को आशंका है कि गोलीबारी की आड़ में घुसपैठ की कोशिश की जा सकती है। सेना के मुताबिक, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जारी तनाव और आंतरिक हालात के बीच यह कार्रवाई ध्यान भटकाने की कोशिश हो सकती है। भारतीय सुरक्षा बल पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं।