कोलकाता। कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में हुए क्रूड बम विस्फोट की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और सीआईडी की बम स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल से दो जिंदा देसी बम बरामद किए हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, राजारहाट के साउथ नारायणपुर इलाके में एक किराये के कमरे में अचानक जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ संदिग्ध लोग एक बैग लेकर कमरे में पहुंचे थे और उसे वहीं छोड़कर चले गए थे। कुछ समय बाद ही कमरे में धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के कमरों को भी नुकसान पहुंचा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इसके बाद इलाके को घेरकर फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को जांच में लगाया गया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कमरे का इस्तेमाल विस्फोटक सामग्री तैयार करने और छिपाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और बम किस उद्देश्य से तैयार किए जा रहे थे।
