नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों में कोरोना संक्रमण के स्थानीय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि, फिलहाल देश में संक्रमण की कोई बड़ी लहर नहीं है और लोगों को घबराने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के मुंबई और उत्तर प्रदेश के वाराणसी समेत कुछ क्षेत्रों में कोविड के नए मामले सामने आए हैं। आंध्र प्रदेश में संक्रमण से चार मरीजों की मौत हुई है, लेकिन सभी पहले से गंभीर बीमारियों जैसे मधुमेह, किडनी और लिवर संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
देशभर में हाल के दिनों में कोविड के कुछ नए मामले सामने आए हैं, जिनमें केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों में संख्या अधिक रही है। स्वास्थ्य एजेंसियां वायरस के नए स्वरूपों पर नजर बनाए हुए हैं और संक्रमित मरीजों के नमूनों की जांच की जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा वेरिएंट तेजी से फैल सकते हैं, लेकिन अब तक इनके ज्यादा घातक होने के प्रमाण नहीं मिले हैं। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों ने लक्षण दिखने पर समय पर जांच और उपचार कराने की अपील की है।
