पुंछ (जम्मू-कश्मीर)। सीमावर्ती जिले पुंछ में सुरक्षा बलों ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ड्रग नेटवर्क का खुलासा किया है। भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास कोसैलियां गांव में छापेमारी कर करीब 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और स्थानीय निवासी मुनीर हुसैन के घर की जांच की। तलाशी के दौरान वहां से हेरोइन की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि, बरामद मादक पदार्थ कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क और स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।
