महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल! NCP विलय की चर्चाओं के बीच NDA में एंट्री को लेकर बढ़ी अटकलें

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय और इसके बाद NDA में शामिल होने की अटकलों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का मानना है कि, शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट पहले एकजुट होकर एक पार्टी के रूप में सामने आएं। इसके बाद ही गठबंधन को लेकर आगे की बातचीत संभव हो सकती है। हालांकि, शरद पवार गुट के नेताओं ने NDA में जाने की खबरों को खारिज किया है। बता दें कि, जुलाई 2023 में अजित पवार ने अपने समर्थक विधायकों के साथ अलग होकर भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार में शामिल होने का फैसला किया था।

इसके बाद चुनाव आयोग ने अजित पवार गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न दिया, जबकि शरद पवार गुट अलग नाम से सक्रिय है। इस बीच NCP के कुछ नेताओं ने केंद्र सरकार में प्रतिनिधित्व की इच्छा भी जताई है। हालांकि, पार्टी का कहना है कि, इस पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गठबंधन नेतृत्व को करना है। परिसीमन से जुड़े मुद्दों और आगामी राजनीतिक फैसलों के बीच महाराष्ट्र में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वहीं, सुप्रिया सुले और जयंत पाटिल ने साफ किया है कि NDA में शामिल होने या विलय को लेकर अभी कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।