नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दोनों दिग्गजों का समर्थन किया है। कैफ का कहना है कि, 2027 वनडे वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारतीय टीम को इन अनुभवी खिलाड़ियों की जरूरत जरूर पड़ेगी। कैफ ने कहा कि, अगले विश्व कप में परिस्थितियां आसान नहीं होंगी। दक्षिण अफ्रीका की उछाल भरी पिचों पर अनुभव काफी अहम भूमिका निभाएगा। उनके मुताबिक, रोहित और कोहली जितना ज्यादा क्रिकेट खेलेंगे, उतना ही बेहतर प्रदर्शन करने की स्थिति में रहेंगे।
पूर्व बल्लेबाज ने अपनी बात समझाने के लिए अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उम्र के बावजूद मेसी ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप में अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया। उन्होंने बताया कि, अनुभवी खिलाड़ी सिर्फ रन या गोल नहीं करते, बल्कि युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और दबाव में सही फैसले लेने में मदद करते हैं। कैफ के अनुसार, विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में शामिल हैं और बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। हालांकि, हालिया मैचों में रोहित का प्रदर्शन चर्चा में रहा है, जबकि कोहली ने शानदार पारी खेलकर अपनी लय का संकेत दिया है।
