अभिषेक बनर्जी के कथित अवैध MP कार्यालय पर चला बुलडोजर, भारी सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के कथित अवैध रूप से निर्मित कार्यालय पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। दक्षिण 24 परगना जिले के अमताला-बारुईपुर रोड स्थित पांच मंजिला भवन को गिराने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, भवन को ध्वस्त करने के लिए तीन बुलडोजर लगाए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया था और इसे लेकर पहले ही नोटिस जारी किया गया था। प्रशासन ने संबंधित पक्ष से भवन निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज पेश करने को कहा था।

प्रशासन के अनुसार, तय समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण हटाने की सामान्य प्रक्रिया के तहत की जा रही है। शनिवार सुबह जैसे ही बुलडोजर कार्यालय परिसर में पहुंचे, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इसके अलावा भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद यह कार्यालय बंद पड़ा था। डायमंड हार्बर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की कई अहम बैठकें और संगठनात्मक गतिविधियां इसी कार्यालय से संचालित होती थीं। कार्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। जहां प्रशासन इसे अवैध निर्माण के खिलाफ की गई कार्रवाई बता रहा है, वहीं तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप बढ़ सकते हैं। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में भवन को हटाने की प्रक्रिया जारी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।