मुंबई। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने दिवंगत मित्र सतीश कौशिक की बेटी वंशिका कौशिक के जन्मदिन पर एक भावुक संदेश साझा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। अनुपम खेर ने वंशिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी बेटी बताया और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा कि ईश्वर वंशिका को लंबी, स्वस्थ और खुशहाल जिंदगी दें तथा उनके सभी सपने पूरे हों। उन्होंने कहा कि जब सतीश कौशिक इस दुनिया में थे, तब भी वह वंशिका को अपनी बेटी और दोस्त की तरह मानते थे और आज भी उनके लिए वही अपनापन है।
अनुपम खेर ने लिखा कि कुछ रिश्ते खून से नहीं, बल्कि प्यार, विश्वास और अपनापन से बनते हैं। उन्होंने कहा कि सतीश कौशिक के जाने के बाद भी वंशिका उनके परिवार का हिस्सा हैं और वह हमेशा उनकी रक्षा करेंगे, उनका हौसला बढ़ाएंगे और हर मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहेंगे। अपने संदेश में अनुपम खेर ने एक भावुक वादा भी किया। उन्होंने लिखा कि जब भविष्य में वंशिका शादी करने का फैसला करेंगी, तो वह चाहते हैं कि उन्हें कन्यादान करने का सौभाग्य मिले। उन्होंने कहा कि उस दिन में अभी काफी समय है, लेकिन यह सोचकर ही उनका दिल प्यार और स्नेह से भर जाता है।
पोस्ट के अंत में अनुपम खेर ने अपने दिवंगत मित्र सतीश कौशिक को याद करते हुए लिखा कि उन्हें विश्वास है कि जहां भी वह होंगे, अपनी बेटी को देखकर मुस्कुरा रहे होंगे और उसे अपना आशीर्वाद दे रहे होंगे। गौरतलब है कि अनुपम खेर और सतीश कौशिक की दोस्ती फिल्म इंडस्ट्री की सबसे मजबूत दोस्तियों में गिनी जाती थी। अब अनुपम खेर का यह भावुक संदेश दोस्ती से आगे बढ़कर एक पिता-पुत्री जैसे रिश्ते की मिसाल बन गया है। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी संवेदनशीलता की जमकर सराहना कर रहे हैं।

