फिल्मी डायलॉग पर पुलिस को चुनौती देने वाली रील पड़ी भारी, नागपुर में 3 युवकों पर केस; कान पकड़कर मांगी माफी

Follow Us

नागपुर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए बनाई गई एक रील तीन युवकों के लिए मुश्किल का कारण बन गई। महाराष्ट्र के नागपुर में तीन युवकों ने फिल्मी डायलॉग “शहर के कमिश्नर तो हम ही हैं…” पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसे पुलिस ने कानून-व्यवस्था और पुलिस विभाग की छवि को प्रभावित करने वाला माना। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान शाहिद अब्जल शकील खान (26), मोहम्मद साहिल मोहम्मद शकील शेख (24) और रिजवान मोहम्मद अजीज (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में पुलिस व्यवस्था को लेकर आपत्तिजनक संवाद बोलते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि इस तरह की सामग्री लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर गलत संदेश दे सकती है।

पुलिस उपनिरीक्षक रोहन राणे की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद तीनों युवकों ने पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि माफी मांगने के बावजूद दर्ज केस वापस नहीं लिया जाएगा और मामले की जांच जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते समय जिम्मेदारी बरतना जरूरी है और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी सामग्री पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।