कोलकाता। पश्चिम बंगाल के खड़दहा में एक डिलीवरी बॉय द्वारा महिला के साथ कथित अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जिस महिला के साथ अभद्रता की, वह सादे कपड़ों में मौजूद एक लेडी कॉन्स्टेबल थीं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी ने आरोपी को पकड़कर करीब 400 मीटर दूर स्थित थाने तक ले गईं। जानकारी के अनुसार, घटना खड़दहा के व्यस्त बीटी रोड की है। महिला स्कूटी पर बैठी थीं और उस समय वर्दी में नहीं थीं। इसी दौरान एक डिलीवरी एजेंट वहां पहुंचा और कथित तौर पर महिला के सामने अश्लील हरकत करते हुए अपने कपड़ों की चेन खोल दी तथा अभद्र इशारे करने लगा।
महिला ने तुरंत स्कूटी से उतरकर आरोपी को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में महिला आरोपी का कॉलर पकड़कर उसे थाने की ओर ले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी घटनाक्रम को देखते रहे। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आकाश घोष के रूप में हुई है, जो एक डिलीवरी एजेंट है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
