पानी की कमी से पेट में पल रही है पथरी? इन 5 गंभीर संकेतों को न करें नजरअंदाज

Follow Us

नई दिल्ली। आज की खराब लाइफस्टाइल और खान-पान में लापरवाही के कारण किडनी स्टोन (पथरी) एक बेहद आम समस्या बन चुकी है। जब हमारे शरीर में पानी की कमी होती है, तो नमक और अन्य मिनरल्स जमा होकर छोटे-छोटे पत्थरों का रूप ले लेते हैं। शुरुआत में छोटे होने के कारण ये पता नहीं चलते, लेकिन साइज बढ़ते ही यह मामला ऑपरेशन तक पहुंच सकता है। इसलिए समय रहते इसके शुरुआती संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है।

किडनी स्टोन का सबसे पहला और बड़ा लक्षण है पीठ, पसलियों के नीचे और पेट के निचले हिस्से में अचानक उठने वाला असहनीय दर्द, जो लहरों की तरह घटता-बढ़ता रहता है। इसके अलावा, जब पथरी मूत्रनली के पास पहुंचती है, तो पेशाब करते समय तेज दर्द और जलन महसूस होती है, जिसे लोग अक्सर सामान्य इन्फेक्शन समझकर छोड़ देते हैं। पथरी के कारण अंदरूनी हिस्सों में रगड़ लगने से पेशाब का रंग गुलाबी, लाल या गहरा भूरा हो सकता है, और उसमें से तेज बदबू भी आ सकती है।

यही नहीं, ब्लैडर पर लगातार दबाव बनने के कारण मरीज को बार-बार टॉयलेट जाने की इच्छा होती है, लेकिन यूरिन बहुत कम मात्रा में पास होता है। किडनी और पाचन तंत्र के गहरे नर्व कनेक्शन के कारण इस दर्द के साथ जी मिचलाना और उल्टी होना भी एक बड़ा संकेत है। अगर आपको भी पेट दर्द के साथ इनमें से कोई लक्षण दिख रहा है, तो इसे मामूली समझकर टालने की भूल बिल्कुल न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।