‘कॉकटेल 2’ की दुनिया में अब भी खोई हैं कृति सेनन, शेयर किया मजेदार BTS वीडियो

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने सोमवार रात अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल 2 के सेट से एक मजेदार बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) वीडियो साझा किया। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि शूटिंग खत्म होने के बाद भी वह मानसिक रूप से अभी तक फिल्म की दुनिया से बाहर नहीं निकल पाई हैं। कृति ने इंस्टाग्राम पर एक एनर्जेटिक रील पोस्ट करते हुए लिखा, “मेंटली अभी भी यहीं हूं… 19 जून से थिएटर्स में #Cocktail2 जॉइन करें।” वीडियो में फिल्म के एक डांस सीक्वेंस की झलक दिखाई गई है, जिसमें उनके साथ अभिनेता शाहिद कपूर भी नजर आ रहे हैं।

वीडियो में रिहर्सल, शूटिंग के दौरान के मजेदार पल, कलाकारों की मस्ती और कैमरे के पीछे की कई झलकियां देखने को मिलती हैं। कृति अलग-अलग ग्लैमरस लुक्स में नजर आ रही हैं, जबकि शाहिद कपूर भी कई कैंडिड मोमेंट्स में टीम के साथ एन्जॉय करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बीच-पार्टी थीम और फिल्म के गाने की शूटिंग का माहौल भी देखने को मिलता है। इस मोंटाज में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और निर्देशक होमी अदजानिया की भी झलक दिखाई गई है। कई क्लिप्स में कृति और शाहिद को हंसते, डांस करते और शूटिंग के बीच मस्ती करते देखा जा सकता है।

गौरतलब है कि ‘कॉकटेल 2’ को इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल किया जा रहा है। यह 2012 में रिलीज हुई हिट फिल्म कॉकटेल का सीक्वल है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है और इसका निर्माण Maddock Films ने किया है। रोमांस, दोस्ती, संगीत और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से भरपूर ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।